नई दिल्ली में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशकों का इस वर्ष का पहला त्रैमासिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दो दिवसीय बैठक में देशभर की सभी क्षेत्रीय इकाइयों ने हिस्सा लिया और अगले तीन वर्षों के लिए मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ मजबूत और प्रभावी रणनीति अपनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश में ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर करना और नशामुक्त भारत के लक्ष्य को तेज करना रहा। बैठक के दौरान एनसीबी ने अपने प्रवर्तन तंत्र, अभियोजन प्रक्रिया और अंतर-एजेंसी समन्वय की गहराई से समीक्षा की। खास तौर पर संयुक्त समन्वय समिति, नार्को समन्वय केंद्र और अन्य निगरानी तंत्रों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया ताकि तस्करी नेटवर्क को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही फरार अपराधियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाने और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने माना कि संगठित ड्रग नेटवर्क से निपटने के लिए तकनीक और सूचना साझा करना बेहद जरूरी है। एनसीबी के महानिदेशक अनुराग गर्ग ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह के दृष्टिकोण के अनुरूप मासिक लक्ष्य तय करने और उन्हें समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अब कार्रवाई को केवल अभियान नहीं बल्कि एक नेटवर्क-केंद्रित रणनीति के रूप में आगे बढ़ाना होगा। सम्मेलन में सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने एक स्वर में नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने और देश को सुरक्षित व मजबूत बनाने के लिए प्रवर्तन ढांचे को और सशक्त करने का संकल्प लिया।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in