युवा उद्यमिता यात्रा - उद्यमिता सेमिनार जयपुर का भव्य आयोजन

जयपुर। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा संचालित स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन (Swarnim Bharatvarsh Foundation) के तत्वावधान में “युवा उद्यमिता यात्रा – उद्यमिता सेमिनार, जयपुर” का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन दिनांक 21 मई 2026 को ARCH College of Design & Business, जयपुर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, स्टार्टअप संस्कृति, स्किल डेवलपमेंट, डिजिटल व्यवसाय एवं आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना से जोड़ना रहा। इस अवसर पर राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं, विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों एवं स्टार्टअप उत्साहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री दिनेश जागिड़ जी, IRS (एडिशनल कमिश्नर, GST, दिल्ली) रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन सकता है। उन्होंने युवाओं को नवाचार, डिजिटल तकनीक एवं स्टार्टअप मॉडल को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने GST, व्यवसायिक पारदर्शिता एवं आधुनिक उद्यमिता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय श्री लोकेन्द्र सिंह नरुका जी (क्षेत्र संयोजक, स्वावलंबी भारत अभियान, राजस्थान) उपस्थित रहे। उन्होंने स्वदेशी विचारधारा, स्थानीय उत्पादों के संवर्धन एवं भारतीय उद्यमिता मॉडल को बढ़ावा देने पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारत का युवा यदि अपने कौशल एवं संसाधनों का सही दिशा में उपयोग करे तो देश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती अर्चना सुराना जी (संस्थापक एवं निदेशक, ARCH College of Design & Business, जयपुर) द्वारा की गई। उन्होंने युवाओं को डिज़ाइन, क्रिएटिव इंडस्ट्री, फैशन, डिजिटल ब्रांडिंग एवं बिज़नेस इनोवेशन के नए अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ उद्यमिता कौशल का विकास अत्यंत आवश्यक है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकें। कार्यक्रम के यात्रा संयोजक श्री आर. एस. चोयल जी (अ. भा. आईटी प्रमुख, स्वावलंबी भारत अभियान (MySBA) एवं निदेशक, स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन) ने बताया कि “युवा उद्यमिता यात्रा” का उद्देश्य युवाओं को स्वरोज़गार, स्टार्टअप, डिजिटल मार्केटिंग एवं व्यवसायिक अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राजस्थान के विभिन्न जिलों में आयोजित की जा रही है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया जा सके। सेमिनार के दौरान विशेषज्ञों द्वारा बिज़नेस प्लानिंग, मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग, सोशल मीडिया प्रमोशन, MSME योजनाओं, GST प्रक्रिया तथा डिजिटल व्यवसाय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने विभिन्न स्टार्टअप आइडियाज एवं व्यवसायिक मॉडलों पर चर्चा कर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। महिला उद्यमियों के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें ऑनलाइन व्यवसाय एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रा संयोजक श्री आर. एस. चोयल जी ने अपने संबोधन में युवाओं को 100+ प्रोजेक्ट रिपोर्ट्स की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा विभिन्न स्वरोज़गार एवं स्टार्टअप अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, हैंडीक्राफ्ट, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप, हेल्थकेयर, एजुकेशन, मैन्युफैक्चरिंग एवं सर्विस सेक्टर सहित 10 बड़े एवं महत्वपूर्ण बिज़नेस सेक्टर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही मार्गदर्शन, नवाचार एवं डिजिटल तकनीक के माध्यम से युवा कम निवेश में भी सफल व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन CHARGE – चोयल हब फॉर एग्रीबिजनेस रिसर्च, ग्रोथ एंड एंटरप्रेन्योरशिप, अजमेर द्वारा किया गया तथा सहयोग ARCH College of Design & Business, जयपुर द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने इस आयोजन को युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन युवाओं के लिए उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। सेमिनार के अंत में L-2 फॉर्म भी ओपन किया गया, जिसमें उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों से उद्यमिता एवं व्यवसाय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। इस फॉर्म के माध्यम से प्रतिभागियों की रुचि, बिज़नेस आइडियाज, नेतृत्व क्षमता एवं उद्यमिता के प्रति उनके दृष्टिकोण का मूल्यांकन किया गया। श्री आर. एस. चोयल जी ने बताया कि फॉर्म भरने वाले प्रतिभागियों में से लगभग 10% युवाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसे सफलतापूर्वक संचालित करने तक की सम्पूर्ण हैंडहोल्डिंग प्रक्रिया प्रदान की जाएगी। चयनित युवाओं को बिज़नेस प्लानिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, डिजिटल प्रमोशन, MSME रजिस्ट्रेशन, GST प्रक्रिया, फंडिंग मार्गदर्शन एवं नेटवर्किंग जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक व्यवसायिक दुनिया में सफल बनाने हेतु व्यावहारिक सहयोग प्रदान करना है। इस घोषणा के बाद उपस्थित युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने L-2 फॉर्म भरकर इस पहल से जुड़ने में रुचि दिखाई।

Hemendra
79
Get In Touch

Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022

+91 80031 98250

info@mysba.co.in

Follow Us
Useful link

About Us

Contact Us