पथरगामा (गोड्डा)। मां योगिनी की पावन भूमि पथरगामा स्थित मां योगिनी परिसर विवाह भवन में रविवार को ‘स्वदेशी जागरण मंच, गोड्डा’ द्वारा जिला विचार वर्ग का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संयोजक अमरेंद्र कुमार सिंह, प्रांत संयोजक राजेश कुमार उपाध्याय, सह-प्रांत संयोजक ज्ञानदेव टुडू, जिला संयोजक अजय चौबे, सह-संयोजक राजेश कुमार झा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग शारीरिक प्रमुख ऋषभ कुमार जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर तथा परम पूजनीय मां भारती एवं श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय संयोजक अमरेंद्र कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी केवल एक नारा या वस्तुओं के उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का एक सशक्त राष्ट्रव्यापी आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब तक स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत नहीं किया जाएगा, तब तक देश की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। हमें विदेशी कंपनियों पर निर्भरता छोड़कर अपनी माटी और अपने हुनर का सम्मान करना होगा। वहीं, प्रांत संयोजक राजेश कुमार उपाध्याय ने अपने वैचारिक उद्बोधन में कहा कि भारत को पुनः विश्व गुरु के स्थान पर स्थापित करने के लिए आर्थिक नीतियों में स्वदेशी चिंतन को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का यह परम दायित्व है कि वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वदेशी और राष्ट्रवाद का संदेश पहुंचाए, ताकि एक सशक्त एवं स्वाभिमानी भारत का निर्माण हो सके। कार्यक्रम के समापन सत्र में स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक रौनक कुमार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग एवं उसके प्रचार-प्रसार की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मंच के प्रांत पूर्णकालिक हिमांशु शेखर, जिला पूर्णकालिक मोनू दूबे, खंड संयोजक अनिश केसरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला शारीरिक प्रमुख शुभेन्दू शेखर, खंड कार्यवाह ऋतिक जायसवाल, अभाविप के जिला संयोजक अंकित मिश्रा सहित विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में मिथिलेश कुमार, आयुष पांडेय, विकास पांडेय, मनीष महतो, अमर कुमार, नीतीश कुमार समेत अनेक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in