अब एक्सप्रेस ट्रेनों में नहीं लगेंगे झटके, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ला रहा नई तकनीक
भारतीय रेलवे यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाने जा रहा है। अब ट्रेनों में लगने वाले झटकों को कम करने के लिए पारंपरिक स्लीपरों की जगह कम्पोजिट स्लीपर लगाए जाएंगे, जिनमें कुशनिंग तकनीक होगी। इससे यात्रा अधिक स्मूद होगी और मेंटेनेंस भी आसान हो जाएगा। साथ ही, रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए एआई तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिसमें ग्राउंड पेनिट्रेशन रडार और मैग्नेटिक पार्टिकल टेस्टिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से पटरियों की जांच की जाएगी। इससे समय रहते खामियों का पता लगाया जा सकेगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी, जिससे यात्रियों को वंदे भारत जैसी आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।