देश की बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart के IPO का इंतजार कर रहे निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। खबर है कि अमेरिकी रिटेल कंपनी Walmart ने फिलहाल फ्लिपकार्ट के IPO प्लान को टाल दिया है। अब कंपनी का पूरा फोकस शेयर बाजार में लिस्टिंग के बजाय अपने कारोबार को मुनाफे की स्थिति में लाने पर रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लिपकार्ट वित्त वर्ष 2027 के अंत तक EBITDA ब्रेक-ईवन हासिल करना चाहती है, यानी कंपनी अपने ऑपरेशनल खर्च और कमाई को बराबरी पर लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। सूत्रों के अनुसार यह फैसला वॉलमार्ट के CEO जॉन फर्नेर की हालिया भारत यात्रा के दौरान लिया गया। फरवरी में पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा थी, जिसमें उन्होंने बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट की टीम के साथ कई अहम बैठकें कीं। बताया जा रहा है कि कंपनी फिलहाल नई पूंजी जुटाने या पब्लिक मार्केट में उतरने से ज्यादा अपनी प्रॉफिटेबिलिटी सुधारने पर ध्यान देना चाहती है। इसी वजह से प्री-IPO फंडिंग की योजना भी फिलहाल आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और ई-कॉमर्स सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए वॉलमार्ट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती। फ्लिपकार्ट लंबे समय से भारतीय ई-कॉमर्स बाजार में मजबूत पकड़ बनाए हुए है, लेकिन कंपनी अभी भी भारी निवेश और डिस्काउंट मॉडल के कारण दबाव में है। ऐसे में IPO टालने का फैसला कंपनी की लंबी अवधि की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि भविष्य में बेहतर वित्तीय स्थिति के साथ बाजार में उतरा जा सके।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in