दश की राजधानी New Delhi समेत पूरे भारत में बीते 48 घंटों के दौरान महंगाई ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. एक के बाद एक कई जरूरी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी होने से लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है. सबसे पहले सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिला. सरकार द्वारा आयात शुल्क बढ़ाए जाने के बाद बाजार में सोना करीब 11 हजार रुपये और चांदी लगभग 22 हजार रुपये तक महंगी हो गई. इसके बाद दूध कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ा दीं. Amul और Mother Dairy ने पैकेज्ड दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए, जिससे रोजमर्रा के खर्च में और बोझ बढ़ गया. यह नई कीमतें 14 मई से लागू हो चुकी हैं और इसका असर सीधे मध्यम वर्ग और आम परिवारों पर पड़ रहा है. महंगाई का सबसे बड़ा असर ईंधन की कीमतों में देखने को मिला. तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी. नई दरों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल करीब 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में भी कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. डीजल के दामों में भी वृद्धि होने से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका असर आने वाले दिनों में सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है. वहीं, सीएनजी उपयोग करने वाले लोगों को भी राहत नहीं मिली. दिल्ली और मुंबई में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो तक बढ़ा दिए गए हैं. दिल्ली में अब सीएनजी लगभग 79 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है. लगातार बढ़ती कीमतों ने आम नागरिकों की आर्थिक चिंता बढ़ा दी है और लोग इसे “महंगाई का चौतरफा अटैक” मान रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ईंधन और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में इसी तरह तेजी बनी रही तो आने वाले समय में घरेलू खर्च और परिवहन दोनों और महंगे हो सकते हैं.
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in