युगानुकूल स्वदेशी और स्वावलंबन से ही भारत बनेगा आर्थिक महाशक्ति: डॉ. सतीश कुमार आचार्य

स्वदेशी जागरण मंच के ‘स्वावलंबी भारत अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को बारां स्थित महर्षि गौतम सामुदायिक भवन में एक दिवसीय जिला विचार वर्ग का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस वैचारिक सत्र में बारां और झालावाड़ जिले के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर भारत को आर्थिक रूप से सशक्त, ऊर्जावान और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गंभीर मंथन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं क्षेत्रीय संयोजक डॉ. सतीश कुमार आचार्य, प्रांत सह संयोजक राजेश कुमार गौतम, विभाग संयोजक दिनेश गौड़ तथा सह विभाग संयोजक सुरेश गौतम द्वारा मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलन, कुमकुम तिलक एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। पूरे आयोजन में राष्ट्रभावना, स्वदेशी चेतना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का विशेष वातावरण दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य वैचारिक सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. सतीश कुमार आचार्य ने कहा कि वर्तमान डिजिटल और तकनीकी युग में स्वदेशी की अवधारणा पहले से कहीं अधिक व्यापक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब केवल पारंपरिक वस्तुओं तक सीमित रहने से काम नहीं चलेगा, बल्कि भारत को आधुनिक तकनीक, रक्षा उत्पादन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऊर्जा संसाधनों में भी आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आर्थिक संप्रभुता के बिना राजनीतिक स्वतंत्रता अधूरी है और इसलिए स्वदेशी को जन-जन का राष्ट्रीय आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। विचार वर्ग में ‘राष्ट्रीय ऊर्जा आत्मनिर्भरता अभियान’ पर भी विशेष मंथन किया गया। वक्ताओं ने विदेशी ईंधन पर निर्भरता कम करने, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे नवीकरणीय एवं स्वदेशी ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर बल दिया। साथ ही गांव-गांव तक ऊर्जा संरक्षण और स्वदेशी ऊर्जा मॉडल के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की रणनीति भी तैयार की गई। प्रांत सह विचार विभाग प्रमुख सुरेश गौतम ने ‘स्वावलंबी भारत अभियान’ पर अपने विचार रखते हुए कहा कि देश के युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर कुटीर उद्योग, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं प्रांत सह संयोजक राजेश कुमार गौतम ने स्वदेशी आंदोलन की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंच लगातार भारतीयता आधारित आर्थिक नीतियों के लिए संघर्षरत है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विशेष चर्चा की गई। मंच द्वारा आगामी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए नवीन दायित्वों की घोषणाएं की गईं तथा ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विभाग संयोजक दिनेश गौड़ ने संगठन की जमीनी मजबूती और गांव स्तर तक पहुंच बढ़ाने की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में प्रांत पूर्णकालिक राकेश जी, बारां जिला संयोजक हरीश जी नामा, झालावाड़ जिला संयोजक बालचंद जी आर्य सहित दोनों जिलों के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। समापन सत्र में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे ऊर्जा और आर्थिक स्वावलंबन के इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर स्वदेशी की अलख जगाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे।

Rakesh Meena
38
Get In Touch

Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022

+91 80031 98250

info@mysba.co.in

Follow Us
Useful link

About Us

Contact Us