संभल के देहपा स्थित बी एल इंटर कॉलेज में 23 मई 2026 को स्वदेशी जागरण मंच जिला संभल द्वारा जिला स्तरीय विचार वर्ग का आयोजन किया गया, जिसमें स्वदेशी चिंतन, आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा, तहसील एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघचालक श्री लखन जी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में सह प्रांत संयोजक श्री सुधांशु विश्नोई उपस्थित रहे। उनके साथ प्रांत पूर्णकालिक श्री विजेन्द्र कुमार एवं समाजसेवी श्री सचिन कौशिक ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने विदेशी कंपनियों पर बढ़ती निर्भरता को कम करने तथा स्थानीय उत्पादों, कुटीर उद्योगों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। सह प्रांत संयोजक श्री सुधांशु विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के स्वदेशी विचार आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करें। वहीं प्रांत पूर्णकालिक श्री विजेन्द्र कुमार ने कहा कि स्वावलंबी भारत अभियान का उद्देश्य प्रत्येक जिले को उत्पादन और रोजगार का केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़े और स्वदेशी के विचार को अपनाए तो भारत पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। समाजसेवी श्री सचिन कौशिक ने संभल की स्वदेशी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले के कारीगरों, बुनकरों और लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन देना समय की मांग है तथा समाज के सहयोग से ही स्वदेशी को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान आगामी तीन माह की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। जिला संयोजक श्री सुमित त्यागी ने बताया कि आने वाले समय में स्वदेशी मेला, उद्यमी संपर्क अभियान तथा विद्यालयों में स्वदेशी जागरण गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वदेशी का संदेश पहुंच सके। कार्यक्रम का संचालन जिला पदाधिकारियों द्वारा किया गया तथा अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी अपनाने और जन-जन तक इसका संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन राष्ट्रहित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ हुआ।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in