Swadeshi Jagran Manch एवं Swavalambi Bharat Abhiyan के संयुक्त तत्वावधान में 26 मई को भीलवाड़ा में ‘जिला विचार वर्ग’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए स्वदेशी जीवनशैली को अपनाने और समाज में स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर शहर के प्रबुद्धजन, सैकड़ों कार्यकर्ता, युवा एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभावना, स्वदेशी चेतना और आत्मनिर्भरता के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में Sangam University के कुलपति डॉ. करुणेश सक्सेना उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी मार्ग स्वदेशी विचारधारा है। उन्होंने कहा कि यदि देश का युवा वर्ग स्थानीय उत्पादों, भारतीय उद्योगों और स्वदेशी तकनीकों को अपनाए तो भारत विश्व में आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई पहचान बना सकता है। विचार वर्ग के दौरान स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास, महिला उद्यमिता और युवा शक्ति जैसे विषयों पर गहन चर्चा एवं मंथन किया गया। वक्ताओं ने स्वदेशी को केवल आर्थिक नीति नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का मूल आधार बताया। विभिन्न सत्रों में युवाओं को नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग, सौर ऊर्जा को अपनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा विदेशी विशेषकर चीनी उत्पादों के बहिष्कार पर विशेष जोर दिया। जिला संयोजक त्रिलोक श्रोत्रिय ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि निकट भविष्य में भीलवाड़ा में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक विशाल ‘स्वदेशी मेला’ आयोजित किया जाएगा, जिससे स्थानीय कारीगरों, महिलाओं और छोटे उद्यमियों को मंच मिल सके। कार्यक्रम के अंत में चित्तौड़ प्रांत पूर्णकालिक श्री राकेश मीणा ने सभी कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in