सुप्रीम कोर्ट में जल्द ही पांच नए जजों की एंट्री हो सकती है. भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अगुवाई वाले कॉलेजियम ने पांच नामों की सिफारिश राष्ट्रपति को भेजी है. इनमें चार अलग-अलग हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शामिल हैं, जबकि एक वरिष्ठ वकील का नाम भी सूची में रखा गया है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में कई जजों के रिटायर होने से पहले अदालत की ताकत बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है. कॉलेजियम की तरफ से जिन नामों की सिफारिश की गई है, उनमें पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं. इनके अलावा वरिष्ठ वकील वी. मोहना का नाम भी सुप्रीम कोर्ट जज के लिए भेजा गया है. इन नामों को अब कानून मंत्रालय के जरिए राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद ये सभी सुप्रीम कोर्ट के जज के तौर पर शपथ ले सकते हैं. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब शीर्ष अदालत में आने वाले महीनों में कुछ जज रिटायर होने वाले हैं. ऐसे में लंबित मामलों का बोझ कम करने और सुनवाई की रफ्तार बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है. हाल ही में शीर्ष अदालत में जजों की कुल संख्या को 33 से बढ़ाकर 37 कर दिया गया है. चीफ जस्टिस को मिलाकर अब यहां कुल 38 जज होंगे. माना जा रहा है कि नए जजों की नियुक्ति से बड़े मामलों की सुनवाई में तेजी आ सकती है और अदालत पर बढ़ते काम का दबाव कुछ कम होगा.
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in