भारत की युवा शूटर ईशा सिंह ने जर्मनी के म्यूनिख में ऐसा कमाल कर दिखाया, जिसने पूरी शूटिंग दुनिया को हैरान कर दिया. 21 साल की ईशा ने ISSF वर्ल्ड कप 2026 में विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीतकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला. फाइनल में ईशा ने 50 में से 43 सटीक निशाने लगाए, जिसके चलते उन्होंने सीनियर एवं जूनियर दोनों कैटेगरी का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.यह सिर्फ एक गोल्ड मेडल नहीं था, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी शूटिंग प्रतिभाओं के बीच भारत की नई स्टार का ऐलान था. म्यूनिख में खेले गए इस हाईवोल्टेज फाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन यांग जी-इन भी मौजूद थीं, लेकिन ईशा ने जिस आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ निशाने लगाए, उसके सामने बाकी सभी निशानेबाज फीके पड़ गए.ईशा सिंह ने फाइनल की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में की. उन्होंने लगातार तीन परफेक्ट सीरीज लगाईं और शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बना ली. एलिमिनेशन राउंड में जहां बड़े-बड़े नाम दबाव में चूकते दिखे, वहीं ईशा का फोकस और सटीकता लगातार बढ़ता गया. हर राउंड के साथ उनका आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा था. आखिर में उनका स्कोर 43 हिट्स तक पहुंचा, जो महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में अब नया विश्व रिकॉर्ड है. इस प्रदर्शन ने उन्हें सिर्फ गोल्ड मेडल ही नहीं दिलाया, बल्कि सीधे ISSF वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी क्वालिफाई करा दिया, जो इस साल रोम में खेला जाएगा.जर्मनी की पूर्व विश्व चैम्पियन डोरेन वेनेकैम्प ने 38 हिट्स के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि बुल्गारिया मिरोस्लावा मिन्चेवा को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा. ईशा का यह प्रदर्शन इसलिए भी बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. उन्होंने कुल 587-19x स्कोर किया था, जिसमें प्रिसिजन राउंड में 293 और रैपिड फायर में 294 अंक शामिल थे. लेकिन असली धमाका उन्होंने फाइनल में किया, जहां उनका खेल पूरी तरह अलग स्तर पर पहुंच गया.दिलचस्प बात यह रही कि ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट यांग जी-इन ने क्वालिफिकेशन में 592-28x का शानदार स्कोर बनाया था और उन्हें खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. लेकिन फाइनल में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और पांचवें स्थान पर खिसक गईं. ईशा की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे भारत को गर्व महसूस कराया. उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी उनके प्रदर्शन से प्रभावित नजर आए और उन्होंने सोशल मीडिया पर ईशा की जमकर तारीफ की. हालांकि महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की स्टार शूटर मनु भाकर फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं. मनु 582-19x स्कोर के साथ 12वें स्थान पर रहीं, जबकि अनुभवी राही सरनोबत 14वें नंबर पर रहीं. अब ईशा सिंह महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी चुनौती पेश करेंगी, जहां एक बार फिर उनसे पदक की उम्मीद रहेगी.
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in