स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान, कैथल के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, जगदीशपुरा (कैथल) में एक दिवसीय "जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग" का सफल आयोजन किया गया। वर्ग में जिले के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठनात्मक एवं वैचारिक विषयों पर गहन चिंतन एवं संवाद किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में श्री कुलदीप सिंह जी (प्रांत संगठक) ने "स्वदेशी की विकास यात्रा" विषय पर विस्तृत उद्बोधन देते हुए स्वदेशी आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वर्तमान प्रासंगिकता तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात श्री वीरभान जी (पूर्व जिला अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ) ने स्वदेशी जागरण मंच के संस्थापक राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के प्रेरणादायी जीवन एवं राष्ट्रहित में उनके योगदान का उल्लेख किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कृष्ण जी (एचसीएस), प्रबंध निदेशक, शुगर मिल, कैथल ने "व्यवहार में स्वदेशी" विषय पर संबोधित करते हुए दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों एवं स्वदेशी विचारों को अपनाने का आह्वान किया। द्वितीय सत्र में डॉ. अंकेश्वर प्रकाश जी (प्रांत संयोजक) ने स्वावलंबी भारत अभियान एवं जिला स्वावलंबन केंद्र की अवधारणा, उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके पश्चात सीए मोहित गर्ग जी ने "पर्यावरण एवं ऊर्जा संरक्षण" विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं सतत विकास की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं श्री पुनीत चौधरी एडवोकेट ने संगठन का वार्षिक वृत्त प्रस्तुत किया। समापन सत्र में श्री ताराचंद जी (विभाग पूर्णकालिक) ने स्वदेशी आंदोलन के प्रेरणास्रोत अमर बलिदानी बाबूगेनू के जीवन एवं उनके राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर प्रांत संयोजक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश जी द्वारा स्वदेशी जागरण मंच, कैथल की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिससे उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नवगठित जिला कार्यकारिणी, मुख्य अतिथि श्री कृष्ण जी, डॉ. अंकेश्वर प्रकाश जी, श्री कुलदीप सिंह जी तथा श्री ताराचंद जी के द्वारा चार रुद्राक्ष के पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग में कुल 20 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की, जिनमें 3 महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी ने संगठन की समावेशी कार्यशैली एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता को प्रतिबिंबित किया। सभी प्रतिभागियों ने स्वदेशी विचार, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं स्वावलंबी भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन डॉ. अनिल जिंदल जी द्वारा किया गया। अंत में वर्ग प्रमुख डॉ. मनोज भाम्बू जी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के लिए वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक सुदृढ़ता तथा स्वदेशी एवं स्वावलंबी भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in