आज 15 जून को दुनिया भर में Global Wind Day (विश्व वायु दिवस) मनाया जा रहा है। यह दिवस पवन ऊर्जा के महत्व, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में इसकी भूमिका को उजागर करने के लिए हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर भारत गोवा में विश्व वायु दिवस 2026 सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस वर्ष की थीम पवन ऊर्जा: महत्वाकांक्षा से गतिशीलता की ओर” रखी गई है, जिसका उद्देश्य केवल लक्ष्य निर्धारित करने तक सीमित न रहकर उन्हें तेजी से धरातल पर उतारना है। सम्मेलन में सरकार, नियामक संस्थाओं, उद्योग जगत, पवन ऊर्जा विकासकर्ताओं, उपकरण निर्माताओं और ऊर्जा विशेषज्ञों की भागीदारी होगी। विभिन्न पूर्ण सत्रों और पैनल चर्चाओं के माध्यम से पवन ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, तकनीकी सुधार करने और घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही यह भी चर्चा होगी कि भारत अपनी स्वच्छ ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं को कैसे तेज गति से आगे बढ़ा सकता है और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बना सकता है। इस सम्मेलन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि ‘वैश्विक बाजारों के लिए भारत के पवन टरबाइन निर्यात को बढ़ावा’ संबंधी रिपोर्ट का जारी होना भी है। यह रिपोर्ट भारतीय पवन ऊर्जा उद्योग के लिए नए निर्यात अवसरों और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करेगी। भारत पहले से ही नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और पवन ऊर्जा देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि पवन ऊर्जा का विस्तार न केवल कार्बन उत्सर्जन कम करेगा, बल्कि रोजगार सृजन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास को भी नई मजबूती देगा।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in