स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान, मेरठ प्रांत द्वारा अमरोहा स्थित वासुदेव तीर्थ में आयोजित दो दिवसीय प्रांत विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग में मेरठ प्रांत के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं बौद्धिक विकास के साथ-साथ स्वदेशी, स्वावलंबन और राष्ट्रहित के विषयों पर व्यापक चिंतन एवं संवाद स्थापित करना था। वर्ग के दौरान संगठन के उद्देश्यों, आगामी कार्ययोजनाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वदेशी विचार पहुंचाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव साझा किए और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। प्रशिक्षण वर्ग में अखिल भारतीय संगठक मा. कश्मीरी लाल जी तथा अखिल भारतीय सह संयोजक डॉ. राजीव कुमार जी का दोनों दिनों तक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने स्वदेशी विचारधारा की वर्तमान समय में प्रासंगिकता, आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण, रोजगार सृजन तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी जीवनशैली को अपनाना तथा स्थानीय उद्योगों और उद्यमों को बढ़ावा देना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वदेशी जागरण मंच के विचारों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सह क्षेत्र संयोजक कपिल नारंग जी, क्षेत्र समन्वयक कुलदीप सिंह जी, उत्तर/पश्चिम विशेष संपर्क प्रमुख विकास चौधरी जी, प्रांत संयोजक प्रशांत महर्षि जी, सह प्रांत संयोजक सुधांशु विश्नोई जी तथा डॉ. हरि सिंह ढिल्लों (एमएलसी) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने संगठन की गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, स्वावलंबी भारत के लक्ष्य को साकार करने तथा युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, स्वदेशी भावना के प्रसार तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
Dharmakshetra, Shiv Shakti Mandir, Babu Genu Marg,
Sector 8, Rama Krishna Puram,
New Delhi, Delhi 110022
+91 80031 98250
info@mysba.co.in